
होली मिशन मोहनपुर में मतदान पदाधिकारियों को मिला गहन प्रशिक्षण, निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदान पर विशेष जोर – मॉक पोल प्रक्रिया, फॉर्म 17C और रजिस्टर 17A के पालन पर दिए गए सख्त निर्देश
होली मिशन मोहनपुर में मतदान पदाधिकारियों को मिला गहन प्रशिक्षण, निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदान पर विशेष जोर – मॉक पोल प्रक्रिया, फॉर्म 17C और रजिस्टर 17A के पालन पर दिए गए सख्त निर्देश
होली मिशन मोहनपुर में मतदान पदाधिकारियों को मिला गहन प्रशिक्षण, निष्पक्ष और त्रुटिरहित मतदान पर विशेष जोर
– मॉक पोल प्रक्रिया, फॉर्म 17C और रजिस्टर 17A के पालन पर दिए गए सख्त निर्देश
समस्तीपुर, 14 अक्टूबर 2025:
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मोहनपुर स्थित होली मिशन परिसर में सोमवार को मतदान पदाधिकारियों के लिए गहन प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में द्वितीय मतदान पदाधिकारियों को चुनावी प्रक्रिया की हर बारीकी से अवगत कराया गया, ताकि मतदान के दिन किसी भी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे। प्रशिक्षण सत्र के दौरान पदाधिकारियों को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। सत्र का मुख्य फोकस ‘मॉक पोल प्रक्रिया’ रही। स्पष्ट निर्देश दिया गया कि मॉक पोल सुबह 05:30 बजे पोलिंग एजेंटों की उपस्थिति में अनिवार्य रूप से प्रारंभ किया जाए। यदि 05:45 बजे तक दो एजेंट उपस्थित नहीं हों, तो भी सभी पोलिंग कर्मी मिलकर प्रक्रिया शुरू करें, ताकि मतदान समय पर प्रारंभ हो सके। मतदान की पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को ‘फॉर्म 17C’ के सही उपयोग की विशेष जानकारी दी गई। उन्हें निर्देशित किया गया कि मतदान समाप्ति के बाद कंट्रोल यूनिट (CU) में दर्ज कुल मतों की संख्या को फॉर्म 17C के कॉलम संख्या 6 में अनिवार्य रूप से दर्ज करें और उसकी प्रति प्रत्येक पोलिंग एजेंट को उपलब्ध कराएं।इसके साथ ही, ‘रजिस्टर 17A’ के उपयोग से पूर्व एक आवश्यक प्रक्रिया पर बल दिया गया — मतदान शुरू करने से पहले रजिस्टर के शीर्ष पर यह अंकित करना होगा कि “CU का टोटल बटन दबाकर देखा गया और कुल मत शून्य पाया गया।” यह प्रक्रिया मतदान की पूर्ण पारदर्शिता का प्रमाण होगी। प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण नोडल पदाधिकारी सह जिला बंदोबस्त पदाधिकारी विजय कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा) मो. जमालुद्दीन, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा) प्रेम शंकर झा, मुख्य मास्टर ट्रेनर सतीश कुमार यादव एवं तनवीर आलम व सुभीत कुमार सिंह ने किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों को निर्वाचन आचार संहिता के अनुपालन और शत-प्रतिशत सटीकता के साथ मतदान कार्य संपन्न करने का निर्देश दिया। प्रशिक्षण का संचालन मनिंद्र कुमार सिन्हा, मंगलेश कुमार और राकेश कुमार ने किया, जिन्होंने सभी कक्षों में जाकर प्रशिक्षण व्यवस्था की समीक्षा की। वहीं, मास्टर ट्रेनर राम दयाल सिंह, अमरेंद्र कुमार, महावीर सहनी, पवन कुमार साफी, विश्वामित्र प्रसाद, पवन कुमार यादव, विजय कृष्ण और विनोद कुमार ने बारीकी से प्रशिक्षण देकर मतदान प्रक्रिया की हर चरण पर स्पष्टता प्रदान की।