‘अक्षर पुरुष’ का लोकार्पण और काव्य संगोष्ठी में प्रणयी जी के साहित्यिक योगदान पर चर्चा

भोला पंडित “प्रणयी” का 92वां जन्मोत्सव
‘अक्षर पुरुष’ का लोकार्पण और काव्य संगोष्ठी में प्रणयी जी के साहित्यिक योगदान पर चर्चा
अररिया ।
कोशी अंचल के वरिष्ठ साहित्यकार, नागार्जुन सम्मान से सम्मानित भोला पंडित “प्रणयी” का 92वां जन्मोत्सव आज वंदना विजय मैरिज हॉल, शिवपुरी, अररिया में भव्य साहित्यिक आयोजन के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर प्रणयी जी की नवीनतम काव्य कृति ‘अक्षर पुरुष’ का लोकार्पण किया गया, जिसे उन्होंने मुख्य पार्षद श्री विजय कुमार मिश्र को समर्पित किया।
साहित्यिक समारोह में वक्ताओं ने प्रणयी जी के जीवन, उनके काव्य संसार और उनके द्वारा समाज को दिए गए योगदान पर गहरे विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और मंगल गान से हुई, जो आयोजन को आध्यात्मिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बना गए।
काव्य संगोष्ठी के दौरान साहित्य प्रेमियों ने प्रणयी जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर विस्तृत चर्चा की, और उनके योगदान को कोशी अंचल की साहित्यिक धारा में एक मील का पत्थर बताया। यह कार्यक्रम न केवल साहित्यिक दृष्टि से महत्वपूर्ण था, बल्कि अररिया के साहित्य प्रेमियों के लिए भी प्रेरणादायक अवसर साबित हुआ।
कार्यक्रम में प्रणयी जी का स्वागत नीतू रानी द्वारा महर्षि मेंहीं परमहंस जी महाराज के चित्र भेंट करने और मनु रमन चेतना द्वारा उन्हें अंग वस्त्र पहनाकर किया गया। सभी वक्ताओं ने प्रणयी जी की दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
समारोह के अंत में प्रणयी जी ने सभी उपस्थित व्यक्तियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “आप सबों ने मेरे जन्मोत्सव में आकर जो उत्साह और शुभकामनाएं दीं, इसके लिए मैं आपका दिल से धन्यवाद करता हूं।”
यह आयोजन साहित्यिक दृष्टि से न केवल अररिया बल्कि पूरे कोशी अंचल के लिए एक ऐतिहासिक क्षण साबित हुआ।


