लखनऊ: अमर शहीद चंद्र शेखर आज़ाद के बलिदान दिवस के पावन अवसर पर आज दिनांक 27 फरवरी 2025 को महाकवि बाण फाउंडेशन ट्रस्ट एवं ओम ब्राह्मण महासभा के संयुक्त तत्वाधान में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया

अमर शहीद चंद्र शेखर आज़ाद के बलिदान दिवस पर कवि सम्मेलन का आयोजन।
लखनऊ: अमर शहीद चंद्र शेखर आज़ाद के बलिदान दिवस के पावन अवसर पर आज दिनांक 27 फरवरी 2025 को महाकवि बाण फाउंडेशन ट्रस्ट एवं ओम ब्राह्मण महासभा के संयुक्त तत्वाधान में अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कालराज मिश्रा, सांसद डॉ दिनेश शर्मा एवं राष्ट्रीय कवि वेद व्रत वाजपेयी ने संयुक्त रूप से चंद्र शेखर आज़ाद एवं भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कवि सम्मेलन का शुभारम्भ वंदना विशेष ने माँ शारदा की आराधना कर किया। इसके पश्चात राष्ट्रीय कवि वेद व्रत वाजपेयी ने, पतझड़ी शाख मधुमास बन जाएगी, धूल उड़ कर के आकाश बन जाएगी, जिंदगी देख ले देश पर जूझ कर, ये कथा एक इतिहास बन जाएगी पढ़ कर सबको तालिया बजाने पर मजबूर कर दिया। कोटा के भूपेंद्र राठौर ने, पूरी दुनिया का नायक वह भारत का असवारी था। शीश कटे धड़ लड़े युद्ध में यह फरमान भी जारी था। भारत मां का बच्चा-बच्चा उस बेटे का आभारी था। एक अकेला आजाद हमारा सौ अंग्रेजों पर भारी था पढ़ कर देश भक्ति का संचार किया, कवि मनु व्रत वाजपेयी के चना चबेना खा कर भी जंगल जंगल आबाद रहे, आज़ादी के दीवाने तो आज़ाद सदा आज़ाद रहे..पढ़ते ही पूरा हॉल वन्देमातरम और भारत माता के जयकारों से गूँजने लगा। इंदौर के सत्येन वर्मा, लखनऊ के अलोक तिवारी, राजस्थान के सिया रघुनाथ दान, आजमगढ़ के भोलानाथ तिवारी, कानपुर की अर्तिका श्रीवास्तव ने भी काव्यपाठ किया। कार्यक्रम का सफल संचालन लखीमपुर के विनय प्रकाश मिश्र ने किया। इस अवसर पर शकालराज मिश्र, डॉ दिनेश शर्मा एवं वेद व्रत वाजपेयी ने आये हुए सभी कवियों को प्रतीक चिन्ह, अंग वस्त्र एवं श्रीफल प्रदान कर सम्मानित किया। उक्त अवसर पर राम पाल शर्मा, धनंजय द्विवेदी, वीरेंद्र तिवारी, ओ पी चतुर्वेदी, अनुराग मिश्र, सुभाष मिश्र, प्रतिमा मिश्रा, साधना वाजपेयी, सीमा मिश्रा, अनिल दुबे (राष्ट्रीय महासचिव), शिव प्रकाश मिश्रा (सेनानी), गोमती आरती (संयोजका), और अनेक राजनेता, पार्षद गण तथा अनेक श्रोता उपस्थित थे। अंत में ओम ब्रह्मण महासभा के अध्यक्ष धनंजय द्विवेदी ने आये हुए सभी अतिथियों को सम्मानित किया एवं आभार व्यक्त किया।


