रानीगंज BDO रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप

डेढ़ लाख की घूस लेते धरे गए BDO रितम चौहान, अकाउंटेंट भी रंगेहाथ पकड़ा गया
रानीगंज BDO रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप
डेढ़ लाख की घूस लेते धरे गए BDO रितम चौहान, अकाउंटेंट भी रंगेहाथ पकड़ा गया
BDO आवास में छापेमारी, कई अहम दस्तावेज कब्जे में
रानीगंज/डा. रूद्र किंकर वर्मा।
रानीगंज प्रखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ी चोट करते हुए पटना से आई विजिलेंस टीम ने मंगलवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) रितम कुमार चौहान को 1.5 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ दबोच लिया। इस कार्रवाई में प्रखंड अकाउंटेंट आदित्य प्रियदर्शी भी शिकंजे में आ गया।
शिकायत से गिरफ्तारी तक: जाल में फंसे अफसर
विजिलेंस को मिली शिकायत के अनुसार, एक सरकारी योजना से संबंधित कार्य में रकम पास कराने के बदले रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत की पुष्टि के बाद टीम ने गुप्त ऑपरेशन चलाया और दोनों अफसरों को कैश लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
BDO आवास पर छापा, फाइलों की खंगाल
गिरफ्तारी के फौरन बाद BDO आवास पर छापेमारी हुई, जहां से महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए। जांच जारी है और सूत्रों की मानें तो कुछ और अधिकारियों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है।
दूसरी बार रानीगंज प्रशासन पर गिरा गाज
गौरतलब है कि कुछ माह पूर्व ही रानीगंज सीओ प्रियव्रत कुमार को भी रिश्वत मामले में निलंबित किया गया था। अब BDO की गिरफ्तारी ने साबित कर दिया है कि रानीगंज प्रशासन में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हैं।
निगरानी विभाग का अल्टीमेटम: कोई नहीं बचेगा
निगरानी टीम ने कहा है कि इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी। “जो भी भ्रष्टाचार में लिप्त मिलेगा, वह कार्रवाई से नहीं बच पाएगा,” टीम ने स्पष्ट किया।
यह खबर न सिर्फ प्रशासनिक तंत्र में फैले भ्रष्टाचार पर सीधा वार है, बल्कि यह संदेश भी देती है — अब कोई भी अफसर कानून से ऊपर नहीं।


