
एसएमएस–3 ने रचा नया कीर्तिमान; बीएसपी में रिकॉर्ड मासिक क्रूड स्टील उत्पादन
एसएमएस–3 ने रचा नया कीर्तिमान; बीएसपी में रिकॉर्ड मासिक क्रूड स्टील उत्पादन
एसएमएस–3 ने रचा नया कीर्तिमान; बीएसपी में रिकॉर्ड मासिक क्रूड स्टील उत्पादन, बीआरएम एवं मर्चेंट मिल ने भी जनवरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया

सेल–भिलाई इस्पात संयंत्र ने अपने इस्पात निर्माण के सफर में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए जनवरी माह में उत्पादन के क्षेत्र में नए मानक स्थापित किए हैं। संयंत्र की प्रमुख इकाइयों- स्टील मेल्टिंग शॉप–3, बार एंड रॉड मिल (बीआरएम) तथा मर्चेंट मिल ने जनवरी 2026 में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए बीएसपी की सामूहिक क्षमता और तकनीकी दक्षता को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया। जहां एसएमएस–3 ने सेल के किसी भी स्टील मेल्टिंग शॉप द्वारा अब तक का सर्वाधिक मासिक क्रूड स्टील उत्पादन दर्ज कर इतिहास रचा, वहीं बीआरएम ने जनवरी माह का सर्वश्रेष्ठ उत्पादन रिकॉर्ड स्थापित किया तथा मर्चेंट मिल ने उत्पादन, उत्पादकता एवं गुणवत्ता के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए।
इन उपलब्धियों के उपलक्ष्य में दिनांक 03 फरवरी, 2026 को भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने कार्यपालक निदेशक (सामग्री प्रबंधन) श्री ए. के. चक्रवर्ती, कार्यपालक निदेशक (वित्त एवं लेखा) श्री प्रवीन निगम, कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) श्री पवन कुमार, कार्यपालक निदेशक (परियोजनाएं) श्री पी. के. सरकार, कार्यपालक निदेशक (खदान) श्री कमल भास्कर तथा कार्यकारी कार्यपालक निदेशक (वर्क्स) श्री तुषार कांत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ संबंधित विभागों के शॉप फ्लोर का भ्रमण कर एसएमएस–3, बीआरएम एवं मर्चेंट मिल की टीमों को इस असाधारण प्रदर्शन के लिए बधाई दी। श्री महापात्र ने टीमों की प्रतिबद्धता, समन्वित प्रयास एवं तकनीकी दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की निरंतर उपलब्धियां संयंत्र की सशक्त सहयोगात्मक कार्य संस्कृति को दर्शाती हैं।
जनवरी 2026 में एसएमएस–3 ने 3,48,197 टन कच्चे इस्पात का रिकॉर्ड उत्पादन किया, जो मई 2025 में स्थापित 3,39,275 टन के पूर्व सर्वश्रेष्ठ आंकड़े से अधिक है। यह उत्पादन डीपीआर क्षमता के 110 प्रतिशत पर दर्ज किया गया, जो सेल के किसी भी स्टील मेल्टिंग शॉप द्वारा अब तक का सर्वाधिक मासिक कच्चा इस्पात उत्पादन है और संगठनात्मक स्तर पर एक नया बेंचमार्क स्थापित करता है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि में ब्लूम्स उत्पादन की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जो परिचालन योजना के लगभग 125 प्रतिशत तक हासिल किया गया। सीओजी लाइन के स्थिरीकरण से लंबे सीक्वेंस कास्टिंग एवं निर्बाध लैडल हीटिंग संभव हुई। वहीं सुचारु लैडल सर्कुलेशन एवं तरल इस्पात की कुशल हैंडलिंग से टर्नअराउंड समय में कमी, तापीय नियंत्रण का अनुकूलन तथा उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई, जिससे रोलिंग मिलों एवं ग्राहकों की आवश्यकताओं की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित की जा सकी।
जनवरी माह हीट प्रोसेसिंग में भी नए रिकॉर्ड बने। कन्वर्टर–ए में 695 हीट्स बनीं, जो पूर्व के 673 हीट्स के रिकॉर्ड से अधिक है, जबकि कन्वर्टर–बी में 689 हीट्स दर्ज की गईं, जो पूर्व के 669 हीट्स से अधिक है। लैडल फर्नेस–3 में 771 हीट्स बनाई गईं, जो पहले के 751 हीट्स के रिकॉर्ड से बेहतर है। कास्टिंग के मोर्चे पर भी एसएमएस–3 ने ऐतिहासिक सीक्वेंस लेंथ हासिल की। कास्टर सीके–1 ने 17 जनवरी 2026 को 147 हीट्स, कास्टर सीके–2 ने 24 जनवरी 2026 को 238 हीट्स तथा कास्टर सीवी–1 ने 20 जनवरी 2026 को 214 हीट्स दर्ज कर अपने-अपने पूर्व रिकॉर्ड को पार किया।
इस सफलता में कन्वर्टर्स, सेकेंडरी रिफाइनिंग यूनिट, कास्टर्स, क्रेन्स एवं डिस्पैच टीमों के समन्वित प्रयासों की निर्णायक भूमिका रही। सुनियोजित हीट प्लानिंग एवं सटीक सुपरहीट नियंत्रण से तकनीकी–आर्थिक प्रदर्शन में सुधार हुआ, जिसका प्रतिबिंब अब तक की न्यूनतम लैडल फर्नेस विद्युत खपत 31.15 किलोवाट-घंटा प्रति टन कच्चा इस्पात तथा औसत 106 हीट्स की सर्वश्रेष्ठ लैडल लाइफ के रूप में सामने आया। इस उपलब्धि को ब्लास्ट फर्नेस, ऑक्सीजन प्लांट, आरईडी, आरसीएल, एमएसडीएस एवं टीएंडडी सहित बीएसपी की प्रमुख इकाइयों के साथ सुदृढ़ लॉजिस्टिक्स एवं निर्बाध समन्वय का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर एसएमएस–3 के मुख्य महाप्रबंधक श्री त्रिभुवन बैठा ने कहा कि उपकरण स्वास्थ्य, प्रक्रिया सुरक्षा एवं परिचालन मापदंडों के कड़ाई से अनुपालन पर निरंतर ध्यान ही इस रिकॉर्ड उत्पादन का आधार रहा। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि रखरखाव और उत्पादन परस्पर पूरक हैं तथा सुनियोजित रणनीति एवं सामूहिक संकल्प के साथ एसएमएस–3 सुरक्षा एवं शून्य दुर्घटना संस्कृति को बनाए रखते हुए आगे भी नई ऊँचाइयों को छूता रहेगा।
इसी क्रम में बीएसपी की प्रमुख रोलिंग यूनिट बीआरएम ने जनवरी 2026 में 95,560 टन उत्पादन कर अपना अब तक का ‘सर्वश्रेष्ठ जनवरी उत्पादन’ रिकॉर्ड स्थापित किया। इस अवसर पर निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र ने कार्यपालक निदेशकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ शॉप फ्लोर भ्रमण के दौरान बीआरएम समूह को इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी तथा कर्मचारियों के बीच मिठाई वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। वरिष्ठ प्रबंधन ने टीम के परिश्रम, प्रतिबद्धता एवं दृढ़ता की सराहना करते हुए भविष्य के लक्ष्यों को निरंतर प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।
बीआरएम के मुख्य महाप्रबंधक श्री योगेश शास्त्री ने समस्त मिल परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सामूहिक प्रयासों, समयबद्ध अनुरक्षण तथा संबद्ध विभागों के पूर्ण सहयोग का परिणाम है। उन्होंने प्रबंधन को आश्वस्त किया कि आत्मप्रेरित बीआरएम टीम आगे भी नए मानक स्थापित करती रहेगी।
संयंत्र के मर्चेंट मिल ने भी जनवरी 2026 में उत्पादन, उत्पादकता एवं गुणवत्ता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। निदेशक प्रभारी श्री चित्त रंजन महापात्र एवं वरिष्ठ प्रबंधन टीम ने मर्चेंट मिल समूह को उनकी परिचालन उपलब्धियों के लिए बधाई दी तथा कर्मचारियों के बीच मिठाई वितरित कर प्रोत्साहन दिया।
मर्चेंट मिल के मुख्य महाप्रबंधक श्री मनीश कुमार गोयल एवं महाप्रबंधक प्रभारी श्री सुशील कुमार हरिरमानी ने निदेशक प्रभारी एवं वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन एवं सतत सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि मर्चेंट मिल टीम आगे भी उत्पादन, टर्नओवर एवं लाभप्रदता में निरंतर सुधार करते हुए सेल की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी।



