समस्तीपुर

एक ही पंचायत के दो छात्रों ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान, जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मानित

एक ही पंचायत के दो छात्रों ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान, जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मानित

एक ही पंचायत के दो छात्रों ने नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान, जनप्रतिनिधियों ने किया सम्मानित

समस्तीपुर/खानपुर जिले के खानपुर प्रखंड अंतर्गत कानूविशनपुर पंचायत के चकोटी गांव के लिए यह गौरव और खुशी का क्षण है। गांव के दो प्रतिभाशाली छात्रों ने एक साथ राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता प्राप्त कर न केवल अपने परिवार का बल्कि पूरे पंचायत और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों छात्रों की सफलता से गांव में उत्साह का माहौल है तथा लोग उन्हें लगातार बधाई दे रहे हैं।नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले छात्रों में सुजीत कुमार एवं आदित्य कुमार शामिल हैं। इनमें से सुजीत कुमार ने 563 अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। सुजीत कुमार एक साधारण परिवार से आते हैं। उनके पिता पिछले लगभग 15 वर्षों से पंजाब में रहकर राजमिस्त्री का कार्य करते हैं। सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सुजीत ने कठिन परिश्रम, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।वहीं दूसरे सफल छात्र आदित्य कुमार हैं, जो व्यवसायी राकेश टंडन के पुत्र हैं। आदित्य ने भी अपनी मेहनत और निरंतर अध्ययन के दम पर नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। खास बात यह है कि दोनों छात्रों ने गांव में रहकर ही ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई की और अपने लक्ष्य को प्राप्त किया। उनकी सफलता ग्रामीण क्षेत्र के उन छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।छात्रों की इस उपलब्धि पर क्षेत्र संख्या-35 की जिला पार्षद स्वर्णिमा सिंह, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, समाजसेवी राम नारायण सिंह, चिकित्सक डॉ. अनिल कुमार, शिक्षक लाल बाबू सहित कई गणमान्य लोगों ने दोनों छात्रों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्हें पाग, माला, बुके एवं मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दी गईं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिक्षक लाल बाबू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन, अनुशासन और निरंतर मेहनत की होती है। सुजीत और आदित्य ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि दोनों छात्रों की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।वहीं पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने कहा कि आज के समय में जहां अधिकांश युवा मोबाइल और सोशल मीडिया में अपना बहुमूल्य समय व्यर्थ कर रहे हैं, वहीं इन दोनों छात्रों ने मोबाइल का उपयोग पढ़ाई के लिए कर सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे पंचायत के लिए गौरव की बात है और अन्य बच्चों को भी इससे सीख लेने की जरूरत है।समाजसेवी राम नारायण सिंह ने कहा कि किसी भी समाज की असली पूंजी उसके शिक्षित और सफल युवा होते हैं। चकोटी गांव के इन दोनों छात्रों ने यह साबित कर दिया है कि मेहनत और लगन के सामने कोई बाधा बड़ी नहीं होती। उन्होंने अभिभावकों से भी अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की।डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि चिकित्सा क्षेत्र में प्रवेश पाने के लिए नीट परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाती है। ऐसे में ग्रामीण परिवेश में रहकर दोनों छात्रों द्वारा सफलता प्राप्त करना अत्यंत सराहनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ये छात्र एक अच्छे चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे।गौरतलब है कि आज के दौर में जहां बड़ी संख्या में बच्चे और युवा अपना अधिकांश समय मोबाइल पर रील्स देखने और बनाने में व्यतीत कर रहे हैं, वहीं चकोटी गांव के इन दो छात्रों ने उसी तकनीक का सकारात्मक उपयोग करते हुए ऑनलाइन अध्ययन किया और सफलता का नया इतिहास रच दिया। विशेष रूप से आर्थिक रूप से साधारण परिवार से आने वाले सुजीत कुमार की सफलता इस बात का उदाहरण है कि कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और शिक्षा के प्रति समर्पण किसी भी व्यक्ति को ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।
दोनों छात्रों की इस उपलब्धि से पूरे कानूविशनपुर पंचायत में खुशी का माहौल है तथा लोग इसे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बता रहे हैं।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button