
फर्जी लूट की कहानी रचने वाला गिरफ्तार, बीमा राशि हड़पने की साजिश
फर्जी लूट की कहानी रचने वाला गिरफ्तार, बीमा राशि हड़पने की साजिश
फर्जी लूट की कहानी रचने वाला गिरफ्तार, बीमा राशि हड़पने की साजिश

दुर्ग। थाना कुम्हारी पुलिस ने लूट की झूठी सूचना देने वाले एक आवेदक को गिरफ्तार कर फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। आरोपी ने व्यापार में हुए नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा/बीमा राशि प्राप्त करने के उद्देश्य से लूट की झूठी कहानी रची थी। पुलिस ने कथित रूप से लूटी गई ज्वेलरी आरोपी की ही दुकान से बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 05 फरवरी 2026 को ग्राम कुगड़ा निवासी नितेश देवांगन ने थाना कुम्हारी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि ज्वेलरी खरीदकर लौटते समय कुगड़ा रोड स्थित सार्थक होम के पास तीन अज्ञात व्यक्तियों ने धारदार हथियार दिखाकर उससे सोने की ज्वेलरी एवं नकदी लूट ली। सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी पुलिस एवं ACCU टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया गया, लेकिन प्रार्थी के कथन के अनुरूप कोई संदिग्ध फुटेज नहीं मिला।
मामले को संदिग्ध पाते हुए पुलिस ने प्रार्थी से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसने किसी भी प्रकार की लूट नहीं हुई थी। आरोपी ने बताया कि व्यापार में नुकसान होने के कारण बीमा/मुआवजा राशि प्राप्त करने की नीयत से उसने झूठी सूचना दी थी और कथित लूटी गई ज्वेलरी उसकी स्वयं की दुकान में ही रखी हुई थी। आरोपी के बताए अनुसार सोने की ज्वेलरी बरामद कर ली गई।
पुलिस ने लोक सेवक को जानबूझकर झूठी सूचना देने के अपराध में आरोपी नितेश देवांगन के विरुद्ध वैधानिक एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया है।
जप्त सामग्री :
सोने की ज्वेलरी – 07 जोड़ी टाप्स, 05 जोड़ी बाली, कुल वजन लगभग 30 ग्राम।
सराहनीय भूमिका :
इस पूरे प्रकरण के त्वरित खुलासे में थाना कुम्हारी पुलिस टीम एवं ACCU टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि पुलिस को झूठी या भ्रामक सूचना न दें। झूठी सूचना देना दंडनीय अपराध है। किसी भी वास्तविक आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर विधिसम्मत कार्यवाही की जा सके।



