समस्तीपुर

24 अवतार धाम चकोटी मठ से निकली भव्य कलश शोभायात्रा, 2100 कन्याओं ने लिया भाग

24 अवतार धाम चकोटी मठ से निकली भव्य कलश शोभायात्रा, 2100 कन्याओं ने लिया भाग

24 अवतार धाम चकोटी मठ से निकली भव्य कलश शोभायात्रा, 2100 कन्याओं ने लिया भाग


नौ दिवसीय विष्णु महायज्ञ एवं आध्यात्मिक महोत्सव का शुभारंभ, वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र।

रिपोर्ट/उमेश चौधरी

समस्तीपुर जिले के खानपुर प्रखंड क्षेत्र के कानूविशनपुर पंचायत स्थित 24 अवतार धाम चकोटी मठ में आयोजित नौ दिवसीय विष्णु महायज्ञ एवं आध्यात्मिक महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर गुरुवार को भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई। धार्मिक आस्था, श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत इस शोभायात्रा में 2100 कन्याओं ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।सुबह से ही मठ परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा में सजी कन्याएं वैदिक मंत्रोच्चार, शंखध्वनि तथा “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के बीच कलश लेकर शोभायात्रा में शामिल हुईं। यात्रा 24 अवतार धाम चकोटी मठ से प्रारंभ होकर इलमासनगर, मनवाड़ा, सिरोपट्टी और पीरखपुर सहित विभिन्न गांवों से गुजरते हुए बूढ़ी गंडक नदी के संगम घाट पहुंची।संगम घाट पर विद्वान आचार्यों एवं पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा का पूजन किया गया। धार्मिक विधि-विधान के अनुसार सभी कलशों में पवित्र जल भरा गया। इसके बाद गाजे-बाजे, घुड़सवारों, आकर्षक रथों एवं धर्मध्वजाओं के साथ विशाल कलश यात्रा कोठिया, कादरचक एवं इलमासनगर होते हुए पुनः चकोटी मठ पहुंची।मठ परिसर पहुंचने पर वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार कलश स्थापना की गई, जिसके साथ ही नौ दिवसीय विष्णु महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। पूरे क्षेत्र में “हरि नाम”, “जय श्रीराम” एवं “राधे-राधे” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

महायज्ञ के आयोजक एवं मंदिर के महंत महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 बाबा राम सेवक दास जी महाराज ने बताया कि इस नौ दिवसीय धार्मिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से संत-महात्माओं का आगमन हो रहा है। श्रद्धालुओं एवं संतों के लिए विशाल महाभंडारे की व्यवस्था की गई है, जहां प्रतिदिन हजारों भक्त प्रसाद ग्रहण करेंगे।

उन्होंने बताया कि प्रतिदिन संध्या 4 बजे से 8 बजे तक विद्वान संतों द्वारा अमृतमयी प्रवचन एवं सत्संग का आयोजन किया जाएगा। वहीं रात्रि में वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य रासलीला का मंचन प्रस्तुत किया जाएगा, जिसका श्रद्धालु भरपूर आनंद उठाएंगे।

कार्यक्रम में जिला पार्षद स्वर्णिमा सिंह ने कहा कि भक्ति से शक्ति मिलती है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में अमन-चैन और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा मिलता है तथा लोगों में ईश्वर के प्रति आस्था और विश्वास मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि विष्णु महायज्ञ एवं मेले को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल है।

श्रद्धालुओं के मनोरंजन के लिए रंग-बिरंगे झूले, टावर झूला, मौत का कुआं, मीना बाजार सहित कई आकर्षक मनोरंजन साधन लगाए गए हैं। वहीं दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल, स्नानागार, शौचालय, भोजन एवं ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है।धार्मिक आस्था, वैदिक संस्कृति और सनातन परंपरा के इस विराट आयोजन ने पूरे खानपुर क्षेत्र को भक्तिमय रंग में रंग दिया है। श्रद्धालुओं का मानना है कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में धार्मिक चेतना, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण को नई ऊर्जा मिलती है।इस अवसर पर जिला पार्षद स्वर्णिमा सिंह, रामावतार सिंह, 20 सूत्री अध्यक्ष राम नारायण सिंह, पूर्व 20 सूत्री अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह, मंडल अध्यक्ष बम भोला सिंह, अजय कुमार कुशवाहा, डॉ. लाल बाबू, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. शिव प्रकाश पंडित, सुजीत कुमार, विकास कुमार चौधरी, श्याम जयसवाल, जयराम सहनी, पवन कुमार मेहता सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Join WhatsApp Channel Join Now
Subscribe and Follow on YouTube Subscribe
Follow on Facebook Follow
Follow on Instagram Follow
Download from Google Play Store Download

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button