
विधायक विजय खेमका बोले—यह बजट युवाओं, किसानों और उद्यमियों के सपनों को देगा नई उड़ान
विधायक विजय खेमका बोले—यह बजट युवाओं, किसानों और उद्यमियों के सपनों को देगा नई उड़ान
3.47 लाख करोड़ का बजट: आत्मनिर्भर बिहार की ओर तेज कदम

विधायक विजय खेमका बोले—यह बजट युवाओं, किसानों और उद्यमियों के सपनों को देगा नई उड़ान
पूर्णिया।
बिहार विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत 3.47 लाख करोड़ रुपये के समावेशी बजट को लेकर पूर्णिया के विधायक विजय खेमका ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वित्त मंत्री विजेंद्र यादव के प्रति आभार जताते हुए एनडीए सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने इसे राज्य के विकास की रफ्तार बढ़ाने वाला और आत्मनिर्भर बिहार की दिशा में एक निर्णायक पहल बताया।
विधायक खेमका ने कहा कि बजट में “विकसित बिहार और आत्मनिर्भर बिहार” का स्पष्ट विजन दिखाई देता है। यह केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग—युवा, महिला, किसान, गरीब और उद्यमी—के भविष्य को संवारने का खाका है। खास तौर पर एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य राज्य की आर्थिक संरचना को मजबूत करेगा और नई पीढ़ी को अवसर प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि गरीब परिवारों के लिए सस्ते मकानों की व्यवस्था सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करेगी, वहीं हर गांव में दुग्ध उत्पादन समिति, पंचायत स्तर पर सुधा बिक्री केंद्र और मॉडल स्कूल जैसी योजनाएं ग्रामीण जीवन की तस्वीर बदल सकती हैं। खेमका के अनुसार, ग्रामीण हाट निर्माण का प्रावधान स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराएगा, जिससे किसानों और कारीगरों की आय बढ़ने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
उद्योग के क्षेत्र में बजट को दूरदर्शी बताते हुए विधायक ने कहा कि उद्यमियों को प्रोत्साहन और लघु उद्योगों को मजबूती देने के साथ सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग जैसी पहल बिहार को भविष्य की तकनीकी अर्थव्यवस्था से जोड़ने का संकेत है। डिफेंस कॉरिडोर और पांच नए एक्सप्रेसवे का प्रस्ताव आधारभूत संरचना को मजबूत कर निवेश के नए रास्ते खोलेगा।
कृषि पर जोर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के साथ राज्य की जननायक कर्पूरी सम्मान निधि योजना किसानों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाएगी। स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा देने वाली योजनाएं पूर्णिया समेत पूरे बिहार में रोजगार और व्यापार की संभावनाओं को विस्तार देंगी।
विधायक ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का निरंतर सहयोग बिहार के विकास को गति दे रहा है। केंद्र और राज्य के संयुक्त प्रयासों का ही परिणाम है कि बिहार तेजी से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
खेमका ने विश्वास जताया कि यह बजट केवल वर्तमान जरूरतों को पूरा करने तक सीमित नहीं है, बल्कि बिहार के उज्ज्वल भविष्य का रोडमैप भी है—एक ऐसा रोडमैप, जो राज्य को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाने में मील का पत्थर साबित हो सकता है I
