सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगो ने किया जाम

सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौत के बाद आक्रोशित लोगो ने किया जाम
अमरदीप नारायण प्रसाद
समस्तीपुर जिला के पटोरी थाना क्षेत्र के धर्मपुर बांदे गांव निवासी अनिल महतो के पुत्र सन्नी कुमार (19 वर्ष) की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मृत्यु की सूचना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर यातायात को बाधित कर दिया।बताया जाता है कि शनिवार की दोपहर में पटोरी – समस्तीपुर मुख्य मार्ग में दो बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई थी। इस घटना में तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। जख्मी तीनों युवकों को अनुमंडलीय अस्पताल पटोरी लाया गया था, जहां से उसे समस्तीपुर रेफर कर दिया गया था। बताया जाता है कि इलाज के दौरान बीती रात समस्तीपुर के एक निजी अस्पताल में सन्नी की मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पटोरी-समस्तीपुर मुख्य मार्ग को मालपुर चौक के समीप सड़क पर शव रखकर जाम करते हुए सड़क पर टायर जलाकर आक्रोश जताया। आक्रोशित लोगों ने पटोरी-समस्तीपुर मार्ग को लगभग एक घंटे तक यातायात को बाधित रखा।सड़क जाम कर रहे आक्रोशित ग्रामीण मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। सड़क जाम की सूचना पर हलई थाना के दारोगा रंग लाल साह, एएसआई अनिल कुमार सिंह, पुलिस बल के साथ जाम स्थल पर पहुंचे और प्रखंड विकास अधिकारी ने पारिवारिक सहायता मद से बीस हजार रुपए देने और विधायक रणविजय साहू ने मुआवजा मद में चार लाख रुपये दिलाने का आश्वासन देकर तथा सड़क जाम समाप्त कराया।तत्पश्चात हलई थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर भेज दिया। थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर बाइक मालिक की पहचान की जा रही है। लिखित शिकायत मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर शीघ्र कार्रवाई शुरू की जाएगी।


