विश्व पर्यावरण दिवस पर एसएसबी 52वीं वाहिनी और वन विभाग ने चलाया वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान

कुसियार गाँव स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में सैकड़ों पौधे रोपित, क्विज और चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से फैलाई गई पर्यावरण चेतना
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसएसबी 52वीं वाहिनी और वन विभाग ने चलाया वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान
कुसियार गाँव स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में सैकड़ों पौधे रोपित, क्विज और चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से फैलाई गई पर्यावरण चेतना
अररिया ।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 52वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), अररिया द्वारा कमांडेंट श्री महेंद्र प्रताप के निर्देशन में वन प्रमंडल अररिया के सहयोग से एक संयुक्त वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह कार्यक्रम कुसियार गाँव स्थित बायोडायवर्सिटी पार्क में आयोजित हुआ।
इस अवसर पर सागवान, शीशम, अर्जुन, अशोक, नीम, अमरूद, आम, जामुन, आंवला सहित विभिन्न प्रकार के फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया। इसके साथ ही वाहिनी की सभी बाह्य सीमा चौकियों पर भी बल के जवानों द्वारा पौधारोपण किया गया।
एसएसबी द्वारा कई वर्षों से केंद्र सरकार के निर्देशानुसार पर्यावरण संरक्षण हेतु लगातार पौधारोपण किया जा रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो और पर्यावरणीय समस्याओं से मुक्ति मिल सके। पेड़ों के फायदे बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि “वृक्षों से न केवल प्राणवायु मिलती है, बल्कि पर्यावरण भी शुद्ध रहता है और कृषि को समय पर वर्षा का लाभ मिलता है।”
इस अभियान में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
संजीव रंजन – वन प्रमंडल पदाधिकारी, अररिया
पी. एन. सिंह – द्वितीय कमान अधिकारी
उदय कुमार,आनन्द प्रकाश यादव, जोशी सागर प्रदीप – उप कमांडेंट
अन्य बलकर्मी एवं संदीक्षा सदस्याएं
जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन:
कार्यक्रम के अगले चरण में “प्रकृति को हमारी आवश्यकता नहीं, हमें प्रकृति की आवश्यकता है” विषय पर वाद-विवाद व क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही 5-13 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता भी कराई गई। इन प्रतियोगिताओं में वाहिनी के वरिष्ठ अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी, जवान और उनके बच्चे उत्साहपूर्वक शामिल हुए।


