शिवहर में ठेकेदार की हत्या,बदमाशों ने घर से बुलाकर मारी गोली;जांच में जुटी पुलिस

शिवहर में ठेकेदार की हत्या,बदमाशों ने घर से बुलाकर मारी गोली;जांच में जुटी पुलिस
शिवहर ब्यूरो अरुण कुमार साह
जिला शिवहर।बेखौफ बदमाशों ने शनिवार की रात पिपराही थाना क्षेत्र के माधोपुर बागमती बांध के पास गोली मारकर नल जल योजना के ठेकेदार माधोपुर निवासी ऋषिकेश कुमार सिंह उर्फ ऋषि (25) की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए।
बदमाशों ने घर से बुलाकर बागमती तटबंध के पास ऋषि के सिर व सीने में तीन गोलियां मारी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सनसनी फैल गई है।
सूचना मिलते ही देर रात पिपराही थानाध्यक्ष सुबोध कुमार और पुरनहिया थानाध्यक्ष प्रेमजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच कर मामले की जांच की। पुलिस ने ग्रामीण सहित स्वजनों से पूछताछ की।
वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया है। ऋषिकेश कुमार सिंह उर्फ ऋषि (25) मूल रूप से पिपराही थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी अरविंद सिंह का पुत्र था।
वह तीन भाई व एक बहन में सबसे छोटा था। साथ ही अपने पंचायत में नल-योजना के तहत ठेकेदारी का काम करता था।
बागमती नदी तटबंध की ओर गया था युवक
स्वजनों के अनुसार, वह रात को खाना खाकर अपने दरवाजे पर बैठा था। इसी क्रम में गांव के ही एक युवक के साथ बागमती नदी तटबंध की ओर गया था, जहां बदमाशों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।
उसके साथ गया ग्रामीण युवक भागने में कामयाब रहा। गोलियों की आवाज के बाद स्वजन समेत ग्रामीण मौके पर पहुंचे जहां ऋषि का का शव मिला।
पिपराही थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है। बताया कि स्वजनों से आवेदन देने के लिए कहा गया है।


