
समस्तीपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चाय दुकान की आड़ में ‘कोटा’ मादक पदार्थ बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पिता-पुत्र समेत 3 गिरफ्तार!
समस्तीपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चाय दुकान की आड़ में 'कोटा' मादक पदार्थ बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पिता-पुत्र समेत 3 गिरफ्तार!
समस्तीपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चाय दुकान की आड़ में ‘कोटा’ मादक पदार्थ बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़, पिता-पुत्र समेत 3 गिरफ्तार!
अमरदीप नारायण प्रसाद

समस्तीपुर (बिहार): जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रशासनिक टीम ने एक संयुक्त छापेमारी में चाय दुकान की आड़ में चल रहे नशीले पदार्थों के काले कारोबार का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने तीन शातिर धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक पिता-पुत्र की जोड़ी भी शामिल है। अभियुक्तों के पास से भारी मात्रा में ‘कोटा’ नामक कैप्सूलनुमा मादक पदार्थ, दो मोबाइल और 25 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
चाय दुकान पर छापेमारी से खुला राज
मिली जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 की शाम मोहनपुर थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार को क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आलोक में त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) मो०नगर और सशस्त्र बल के साथ मिलकर ग्राम जौनापुर (चैनपुर) स्थित सुरेश राय की चाय दुकान पर संयुक्त रूप से छापेमारी की।
घेराबंदी कर जब सुरेश राय को पकड़ा गया, तो पूछताछ में उसने कुबूल किया कि वह चाय बेचने के बहाने ‘कोटा’ (मादक पदार्थ) का अवैध धंधा करता है। प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा की गई विधिवत तलाशी में सुरेश के पास से 21 पीस कैप्सूलनुमा डिब्बी बरामद हुई, जिसमें मादक पदार्थ भरा हुआ था।
निशानदेही पर पत्थरघाट में दूसरी छापेमारी, पिता-पुत्र गिरफ्तार
पकड़े गए सुरेश राय की कड़ाई से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने पत्थरघाट स्थित विनोद राय की चाय दुकान पर दूसरी छापेमारी की। यहाँ से पुलिस ने विनोद राय और उसके बेटे बबलू कुमार को धर दबोचा।
तलाशी के दौरान विनोद राय के पास से 72 पीस कैप्सूलनुमा डिब्बी (कोटा), एक मोबाइल और 25 हजार रुपये नकद बरामद हुए। वहीं, उसके पुत्र बबलू कुमार के पास से 08 पीस नशीली डिब्बी और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए कुल 101 पीस मादक पदार्थ का वजन करीब 40.4 ग्राम पाया गया है।
अभियुक्तों का रहा है पुराना आपराधिक इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। मुख्य अभियुक्त विनोद राय पर पहले से ही पटोरी (मोहनपुर ओ०पी०) और मो०नगर थाने में हत्या के प्रयास (धारा 307), आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं, उसके पुत्र बबलू कुमार पर भी वर्ष 2020 में हत्या के प्रयास का एक मामला दर्ज है।
मामला दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
इस पूरी कार्रवाई के संबंध में मोहनपुर थाना में कांड संख्या-93/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b) और 22(b) के तहत मामला पंजीकृत किया गया है।
थानाध्यक्ष का बयान:
“गिरफ्तार किए गए तीनों अभियुक्तों (सुरेश राय, विनोद राय और बबलू कुमार) ने अपना गुनाह कुबूल कर लिया है। उनके स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और मुख्य सरगना की तलाश के लिए पुलिस सभी बिंदुओं पर आगे का अनुसंधान कर रही है।”
छापेमारी टीम में शामिल सदस्य:
इस सफल कार्रवाई में मोहनपुर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० पुरुषोत्तम कुमार, अपर थानाध्यक्ष विनय कुमार, पु०अ०नि० अनिल कुमार, स०अ०नि० पवन कुमार झा, स०अ०नि० धीरज कुमार और मोहनपुर थाने के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



