
रील बनाने का भूत उतरा: समस्तीपुर में हथियार के साथ वीडियो वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार!
रील बनाने का भूत उतरा: समस्तीपुर में हथियार के साथ वीडियो वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार!
रील बनाने का भूत उतरा: समस्तीपुर में हथियार के साथ वीडियो वायरल करने वाला युवक गिरफ्तार!अमरदीप नारायण प्रसाद

भुसाघर से लोडेड कट्टा बरामद
समस्तीपुर (बिहार): सोशल मीडिया पर हथियार चमकाकर रील बनाने और खौफ पैदा करने की कोशिश करने वाले युवकों के खिलाफ समस्तीपुर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक (SP) के दिशा-निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए वारिसनगर थाना पुलिस ने हथियार के साथ वीडियो वायरल करने वाले एक मुख्य आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वीडियो में दिखाए गए अवैध हथियार और जिंदा कारतूस को भी बरामद कर लिया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था आपत्तिजनक वीडियो
जानकारी के अनुसार, बीती 27 मई 2026 की शाम करीब 06:00 बजे सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में कुछ अज्ञात लड़के हाथ में अवैध हथियार (आर्म्स) लहराते हुए और खाते-पीते बेहद आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे थे। वीडियो के सामने आते ही वारिसनगर थाना पुलिस ने तुरंत इसका सत्यापन किया और साक्ष्यों के आधार पर 28 मई को वारिसनगर थाना कांड संख्या-141/2026 दर्ज किया। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आर्म्स एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
भुसाघर में छापेमारी, बरामद हुआ लोडेड कट्टा
मामले की गंभीरता को देखते हुए वारिसनगर थानाध्यक्ष सर्वेश झा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी ओम प्रकाश महतो (निवासी: पुरनाही, वारिसनगर) को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने आरोपी से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर ग्राम पुरनाही में स्थित एक घर के भुसाघर (भूसा रखने का कमरा) में छापेमारी की गई। वहाँ से पुलिस ने वायरल वीडियो में इस्तेमाल किया गया एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की।
अंधेरे का फायदा उठाकर दो आरोपी फरार
पुलिस के अनुसार, जब भुसाघर में छापेमारी की जा रही थी, तब वहाँ दो अन्य शातिर अपराधी भी मौजूद थे। पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपी मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे। फरार अपराधियों की पहचान अमन कुमार उर्फ भोला (निवासी: मोगलानिचक) और छोटू कुमार उर्फ अमित कुमार (निवासी: चारो) के रूप में हुई है।
एक और मामला दर्ज, फरार आरोपियों की तलाश तेज
अवैध हथियार और गोली की बरामदगी के बाद वारिसनगर थाने में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत दूसरा मामला (कांड संख्या-142/2026) दर्ज किया गया है। इसमें गिरफ्तार ओम प्रकाश महतो सहित फरार अमन और छोटू को भी नामजद आरोपी बनाया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त ओम प्रकाश महतो ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। पुलिस फरार चल रहे दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
कार्रवाई टीम में शामिल पुलिसकर्मी:
इस त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में ये अधिकारी व कर्मी शामिल थे:
पु०अ०नि० सर्वेश झा (थानाध्यक्ष, वारिसनगर)
पु०अ०नि० अमन कुमार (वारिसनगर थाना)
अभिषेक कुमार (गृह रक्षक सिपाही – 322478)
नितीश कुमार (गृह रक्षक सिपाही – 322415)



