
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आपसी बंटवारा मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित।
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आपसी बंटवारा मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित।
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आपसी बंटवारा मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित।

अशोक पासवान राज्य प्रमुख आपकी आवाज।
बेगूसराय जिले के बछवाड़ा प्रखंड सभागार में गुरुवार को जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आपसी बंटवारा मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि आपसी बंटवारा से संबंधित मामलों के निष्पादन में होने वाली देरी कई बार पारिवारिक विवाद, सामाजिक तनाव तथा भूमि संबंधी झगड़ों का कारण बनती है। ऐसे मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से निपटारा होने से अनावश्यक विवादों पर नियंत्रण स्थापित किया जा सकता है तथा आम लोगों को न्याय प्राप्ति के लिए अनावश्यक रूप से भटकना नहीं पड़ेगा।
उन्होंने सभी राजस्व कर्मियों, सरपंचों, कचहरी सचिवों एवं न्याय मित्रों को निर्देश दिया कि बंटवारा से संबंधित लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित करें। प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण करते हुए पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था के तहत कार्रवाई की जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने दिया जाए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि भूमि विवादों के त्वरित समाधान से सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिलेगा तथा प्रशासन के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा।
बैठक के दौरान फार्मर रजिस्ट्रेशन (किसान पंजीकरण) कार्य की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए तथा पंजीकरण कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने हेतु सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न कृषि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए किसान पंजीकरण अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि समय पर बंटवारा मामलों का निष्पादन होने से भूमि संबंधी विवादों में कमी आएगी, गांवों में आपसी सौहार्द एवं सामाजिक सद्भाव बना रहेगा तथा न्याय व्यवस्था पर लोगों का भरोसा और मजबूत होगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को सरकार की प्राथमिकता वाले कार्यों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी तेघड़ा, माननीय सरपंच, कचहरी सचिव, न्याय मित्र, राजस्व कर्मचारी तथा संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।



