मिथिला विश्वविद्यालय के पैनल अधिवक्ता बने डॉ. राम किशोर चौधरी

संस, जागरण, सरायरंजन : प्रखंड क्षेत्र के लिए गौरव की बात है कि बीआरकेसी कॉलेज, जितवारपुर कुम्हिरा के संस्थापक एवं सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. राम किशोर चौधरी को ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय का पैनल अधिवक्ता नियुक्त किया गया है। विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा उन्हें पटना हाई कोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट, नई दिल्ली में विश्वविद्यालय की ओर से कानूनी मामलों की पैरवी करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डॉ. चौधरी की इस नियुक्ति से शिक्षा एवं विधि जगत में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के बुद्धिजीवियों, शिक्षकों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इसे सरायरंजन और मिथिला क्षेत्र के लिए सम्मानजनक उपलब्धि बताया है। लोगों का कहना है कि उनके लंबे विधिक अनुभव और उत्कृष्ट कार्यशैली का लाभ अब विश्वविद्यालय को भी मिलेगा।
इस अवसर पर क्षेत्रवासियों ने बिहार के राज्यपाल, उपमुख्यमंत्री तथा उच्च शिक्षा मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए डॉ. राम किशोर चौधरी को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।



